चंपावत। यहां सरस्वती शिशु मंदिर के वार्षिकोत्सव समारोह में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। बच्चों के रंगारंग कार्यक्रम और हैरतअंगेज शारीरिक प्रदर्शनों की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोहा। लोहाघाट के विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। कक्षा पंचम की अर्पणा, साथियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि भूमिका और साथियों ने वैलकम-वैलकम स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद निशा और साथियों राजस्थानी गीत हमारी मैया ने बुलाया... झिमा-झिमा रे पोयोरा प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी।
द्वितीय कक्षा के बच्चों ने अंग्रेजी शिशु गीत गोड्स लव पेश किया। पंचम कक्षा की ममता और साथियों ने देवी हो देवी हिंग्ला देवी, देशगान ठंडी हवा गुनगुनाए और हर्षवर्धन के नेतृत्व में देशभक्ति नाटक भारत माता का मंचन किया। इसके बाद प्रियंका, अंजलि ने कुमाऊंनी गीत म्यार स्वामी मैं लिजाओ आपने साथ में की प्रस्तुति दी।
विधायक ने सरस्वती शिशु मंदिरों को संस्कार की पाठशाला बताकर मेेेेधावी बच्चों को सम्मानित किया। डॉ. कमलेश सक्टा की अध्यक्षता में प्रधानाचार्य ईश्वरी दत्त जोशी ने संचालन किया। समारोह में पूर्व विधायक बीना महराना, केसी पुनेठा, भाजपा जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया, प्रांतीय सदस्य कैलाश गहतोड़ी, पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी, जिला पंचायत सदस्य गोविंद सामंत, सुभाष बगौली, अमरनाथ वर्मा आदि थे।