लोहाघाट (चंपावत)। उप जिला अस्पताल के आइसोलेनशन वार्ड में रखे गए एक विचाराधीन कैदी की कोरोना रिपोर्ट दोबारा पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने उसे फिर 14 दिन के लिए आइसोलेट कर दिया है।
उप जिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ.जुनैद कमर ने बताया कि वर्तमान में अस्पताल के ट्रामा सेंटर में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में मात्र एक विचाराधीन कैदी को रखा गया है। इसका 13 दिन बाद दोबारा एंटीजन और ट्रनेट टेस्ट किया गया। इसमें उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। दोबारा रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे फिर 14 दिन के लिए आइसोलेट कर दिया है। उसकी सुरक्षा के लिए सशस्त्र पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि यहां बनाए गए आइसोलेशन वार्डों में 11 अन्य कोरोना पॉजिटिव लोगों को रखा गया था। दोबारा जांच में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें होम आइसोलेशन में भेज दिया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल और ग्रामीण क्षेत्रों में रोज 80 से अधिक लोगों के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए हल्द्वानी भेजा जा रहा है।