क्वारंटीन सेंटर में प्रवासियों की दिक्कतों को सुनते चेयरमैन गोविंद वर्मा।
- फोटो : AMAR UJALA
अमर उजाला ब्यूरो, लोहाघाट (चंपावत)। जीजीआईसी का क्वारंटीन सेंटर बृहस्पतिवार को बदला हुआ था। पानी की आपूर्ति भी हुई। शौचालय की सफाई भी हुई और प्रवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी हुआ। अमर उजाला ने 21 मई को जीजीआईसी में बने क्वारंटीन सेंटर की अव्यवस्थाओं की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर छपने के तुरंत बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आया। व्यवस्था में सुधार होने पर यहां क्वारंटीन किए गए 16 प्रवासियों ने थैंक्यू अमर उजाला कहा। अमर उजाल की टीम ने बुधवार को जीजीआईसी के क्वारंटीन सेंटर की पड़ताल की, तो कई खामियां मिली थे । प्रवासियों ने भी इन अव्यवस्थाओं की जानकारी दी। पानी की समस्या की वजह से लोगों को नहाने से लेकर कपड़े धोने में दिक्कत हो रही थी। शौचालय भी साफ नहीं था। एक बार भी स्वास्थ्य परीक्षण नहीं हुआ था। मगर बृहस्पतिवार को यहां के हालात बदल गए। एसडीएम आरसी गौतम ने केंद्र की सफाई के आदेश दिए, तो कुछ ही देर में शौचालय साफ हो गए। पेयजल आपूर्ति भी सुचारू हो गई। दुपहर में लोहाघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रेडियोलॉजिस्ट डॉ. एलएम रखोलिया ने प्रवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। बृहस्पतिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने क्वारंटीन सेंटर का मुआयना किया, तो प्रवासियों ने आरोप लगाया कि कोई भी कर्मचारी अभी तक उनकी सुध लेने के लिए नहीं आया है। इधर एसडीएम ने कहा कि वे सुनिश्चित करेंगे कि यहां नियमित रूप से कर्मचारी मौजूद रहें।
क्वारंटीन सेंटर में नल से होती पेयजल आपूर्ति।
- फोटो : AMAR UJALA
क्वारंटीन सेंटर में नल से होती पेयजल आपूर्ति।