पंजाब की नाभा जेल से फरार हुए आतंकियों के नेपाल भाग निकलने और नेपाल से पाकिस्तान के आतंकियों की भारत में घुसपैठ की आशंका से भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों को हर आने-जाने वालों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, एसएसबी ने पेट्रोलिंग कर 24 घंटे बार्डर पर निगरानी शुरू कर दी है।
पंजाब की नाभा जेल से फरार हुए खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के प्रमुख समेत छह कैदियों के फरार होने की सूचना के बाद से ही भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट जारी कर दिया। इसी बीच पाकिस्तान से साधु के वेश में आतंकियों की भारत में घुसपैठ के प्रयास की खुफिया रिपोर्ट के बाद सुरक्षा तंत्र खासा अलर्ट हो गया है।
पंजाब जेल से फरार खालिस्तान लिबरेशन फोर्स का प्रमुख हरमिंदर सिंह उर्फ मिंटू तो दिल्ली से गिरफ्तार हो चुका है, लेकिन उसके साथ फरार पांच कैैदी अब तक हाथ नहीं लगे हैं। आशंका जताई जा रही है ये सभी फरार कैदी नेपाल से लगी भारतीय सीमा से नेपाल के प्रवेश कर सकते हैं। इसी के मद्देनजर नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया है। इधर, नेपाल के रास्ते पाकिस्तानी आतंकियों के साधू के वेश में भारत में प्रवेश करने की खुफिया रिपोर्ट से भी सुरक्षा तंत्र खासा चौकन्ना बना हुआ है। एसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि उच्च स्तर से मिले निर्देश के बाद नेपाल बार्डर में सुरक्षा तंत्र को सतर्क किया गया है। भारत-नेपाल के बीच आवाजाही करने वालों पर पैनी नजर रखने को कहा गया है। वहीं नेपाल से लगी खुली सीमा के चोर रास्तों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बार्डर में तैनात सुरक्षा एजेंसियों के साथ ही खुफिया तंत्र को भी नजर रखने को कहा गया है।