बुधवार रात को चंपावत में 30 मिनट से अधिक वक्त तक मंडराने वाला हेलीकॉप्टर सेना के हवाई अभ्यास का हिस्सा था। इस बावत सेना ने जिला प्रशासन को बृहस्पतिवार को विधिवत जानकारी दी है।
जिलाधिकारी डा.अहमद इकबाल ने बताया कि रेडियोग्राम के जरिए सेना के हेलीकॉप्टरों द्वारा हवाई अभ्यास किए जाने की जानकारी दी है। बताया गया कि सेना के हेलीकॉप्टर बरेली, चंपावत-लोहाघाट, पिथौरागढ़ व मुनस्यारी में अंधेरे में अभ्यास कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी रात सात बजे बाद सेना के एक हेलीकॉप्टर ने कुछ देर अभ्यास किया। वहीं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के लोहाघाट हेलीपैड में भी बृहस्पतिवार को सेना का एक हेलीकॉप्टर तीन बार उतरा। ये हेलीकॉप्टर छमनियांचौड़ स्थित आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी के हेलीपैड पर उतरा। जमीन के काफी नजदीक आने के चलते लोगों में उसे देखने को लेकर कोतुहलभरा उत्साह था।
आईटीबीपी के प्रभारी कमांडेंट मनोज बहुगुणा ने बताया कि ये सेना के प्रशिक्षण का हिस्सा है। सेना के अधिकारियों को हेलीकॉप्टर उतराने व उड़ाने (टेक ऑफ) करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कमांडेंट ने बताया कि बरेली से आए सेना के हेलीकॉप्टर ने अपरान्ह 12.30 बजे, 1 बजे और देर शाम वाहिनी के हेलीपैड में उतरा।