निशुल्क बिजली का प्रावधान होने के बाद भी उत्तराखंड ऊर्जा निगम ने बनबसा बैराज की बिजली काटी। सात दिन से सीमा पर स्थित इस बैराज की सुरक्षा दांव पर लगी है। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने यह मुद्दा उठाया तो ऊर्जा निगम कह रहा है कि बिल कम किया जाएगा।
ऊर्जा निगम ने करीब 6.30 करोड़ रुपये का भुगतान न होने की शिकायत करते हुए बनबसा बैराज की बिजली 29 दिसंबर को काट दी थी। अब एक सप्ताह के बाद ऊर्जा निगम को पता लगा कि लोहिया हेड पावर हाउस से बनबसा बैराज को बिजली निशुल्क दी जाती है। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के हेडवर्क्स खंड बरेली के अधीक्षण अभियंता शरद कुमार सिंह के मुताबिक मुख्य अभियंता हाइडिल के पत्र संख्या 408/एसपीएच/बैराज (3-7-2013) के मुताबिक यह व्यवस्था की गई थी। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने इसके साथ ही लोहियाहेड पावर हाउस को पानी की सप्लाई के नाम पर उत्तराखंड ऊर्जा निगम पर 65 करोड़ रुपये का बकाया भी थोप दिया। यह सब होने के बाद अब उत्तराखंड ऊर्जा निगम कह रहा है कि प्रति माह दस हजार यूनिट का बिल कम करके नया बिल जारी किया जाएगा।
बैराज की सुरक्षा भी खतरे में
बिजली कटने से भारत नेपाल सीमा पर स्थित इस बैराज की सुरक्षा भी खतरे में है। बैराज पिछले एक सप्ताह से रात होते ही घुप अंधेरे में डूब जाता है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि बिजली न होने पर गेटों का संचालन प्रभावित होगा और अचानक नदी का जलस्तर बढ़ा तो संकट खड़ा हो जाएगा। नदी का पानी शारदा नहर में छोड़ने से लोहियाहेड पावर हाउस को नुकसान उठाना पड़ सकता है। बैराज की मरम्मत और रखरखाव भी बिजली न होने से प्रभावित है।
किसका क्या कहना है
बनबसा बैराज में मरम्मत कार्य चल रहा है। इसके लिए नदी का पूरा पानी करीब 5000 क्यूसेक शारदा नहर में छोड़ जा रहा है। नहर की वहन क्षमता 11500 क्यूसेक है। इन दिनों नहर की पानी सप्लाई बंद नहीं की जा सकती है। यूपी में सिंचाई के चलते भी नहर की पानी सप्लाई बाधित नहीं की जा सकती।
-बृजेश मौर्य, एसडीओ, शारदा हेडवर्क्स, बनबसा
इन दिनों बैराज पर बिजली नहीं होने से रात में बैराज की सुरक्षा प्रभावित है। सीसीटीवी बंद पड़े हैं, वायरलेस की बैटरी भी डिस्चार्ज हो गई है। पेयजल की समस्या है और गेट संचालन में दिक्कत आ रही है। -नरेश चंद, सीओ, टनकपुर।
.........................
-शारदा बैराज के लिए करीब 10 हजार यूनिट मासिक बिजली निशुल्क दी जाती है, जो यूपीसीएल को दिए जाने वाले बिल में कम कर दिया जाता है। -महकार सिंह, डीजीएम लोहियाहेड पावर हाउस
--------------
मुझे अभी जानकारी मिली है कि शारदा बैराज के लिए बिजली निशुल्क दी जाती है। एसडीओ टनकपुर को बिल कम करके जारी करने के निर्देश दे दिए हैं। -राजेश मौर्य, अधिशासी अभियंता, यूपीसीएल, चंपावत