चंपावत। सातवें वेतनमान के अवशेष एरियर का भुगतान किए जाने सहित जिला स्तरीय समस्याओं के समाधान की मांग के लिए प्राथमिक शिक्षक संगठन का धरना प्रदर्शन छठें दिन समझौता वार्ता के बाद स्थगित हो गया है। शिक्षक प्रतिनिधियों और सीईओ आरसी पुरोहित, डीईओ माध्यमिक डीएस राजपूत और डीईओ बेसिक सत्यनारायण के बीच करीब दो घंटे तक चली समझौता वार्ता के बाद सीईओ की ओर से शिक्षकों को जिला स्तरीय समस्याओं को एक माह के भीतर हल करने के आश्वासन के बाद शिक्षकों ने बेमियादी हड़ताल का आंदोलन वापस ले लिया है।
वार्ता में शिक्षकों ने प्राथमिक प्रधानाध्यापक, उच्च सहायक अध्यापक तथा प्रधानाध्यापक के सभी रिक्त पदों के सापेक्ष पदोन्नति किए जाने, कोटिकरण की संशोधित सूची जारी किए जाने, कोविड-19 में ग्रीष्मावकाश और शीतावकाश की ड्यूटी करने वाले शिक्षकों के उपार्जित अवकाश स्वीकृत करने, सातवें वेतनमान के अवशेष एरियर का भुगतान करने आदि की मांगों को प्रमुखता से उठाया। संगठन की ओर से अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि यदि वार्ता में हुए समझौते के तहत एक माह में समस्याओं का शत प्रतिशत समाधान नहीं किया गया तो शिक्षक फिर से धरने में बैठ जाएंगे। शिक्षकों ने आंदोलन स्थगित करते हुए पांच जुलाई को प्रस्तावित तालाबंदी कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया है। समझौता वार्ता में जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह बोहरा, महामंत्री बंशीधर थ्वाल, रूद्र सिंह बोहरा, अमित वर्मा, हरिविनोद पंत, कवींद्र तड़ागी, प्रकाश चंद्र, सागर वर्मा आदि शिक्षक प्रतिनिधि शामिल रहे।