बाराकोट के खोला सुनार गांव में ऐडी देवता मंदिर में हुई चोरी की जानकारी देते ग्रामीण।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट क्षेत्र के मंदिरों में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। करीब एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र के दो मंदिरों में एक के बाद एक चोरियां होने से लोग डरे हुए हैं। लोगों ने पुलिस से चोरों का पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मंगलवार की रात बाराकोट खोला सुनार गांव के एड़ी देवता मंदिर के ताले तोड़कर चोरों ने मंदिर में रखे चांदी के छत्र और देवता के सोने के कंस (कुंडल) चोरी कर लिए।
मंदिर के ताले टूटने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने मंदिर के मुख्य पुजारी दीपक चंद्र जोशी को घटना की जानकारी दी। इस पर दीपक जोशी ने तत्काल मंदिर परिसर आकर गांव के अन्य लोगों को भी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरिया से ताले तोड़कर मंदिर में चोरी की गई है। मालूम हो कि करीब चार दिन पूर्व भी बाराकोट झिरकुनी के भूमिया मंदिर में भी चोरों ने डाका डालकर दानपात्र में रखी नकदी चुरा ली थी। करीब दो वर्ष पूर्व भी बाराकोट के चार मंदिरों में चोरियां हुई थी, जिनका अभी तक कोई खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरियों पर क्षेत्रीय लोग सहमे हुए हैं। भुवन चंद्र जोशी, रोहित जोशी, शंकर जोशी, कमलेश जोशी, राजेंद्र जोशी, भुवन लाल वर्मा, दीपक लाल वर्मा, सुनील जोशी आदि ने पुलिस प्रशासन से चोरियों का खुलासा करने की मांग की है। एसओ मनीष खत्री का कहना है कि चोरी की घटना की अभी तक किसी भी व्यक्ति ने तहरीर नहीं दी है।