लोहाघाट (चंपावत)। नवरात्र समाप्त होने के बाद लोगों का मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले लोगों को वाहन न मिलने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घंटों इंतजार के बाद कई लोग अपने घर लौट गए। लोगों ने रोडवेज बस की संख्या न बढ़ाने पर नाराजगी जताई।
रविवार को सुबह से ही रोडवेज स्टेशन में यात्रियों के आने का क्रम शुरू हो गया था। दोपहर तक रोडवेज स्टेशन में यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। आलम यह था कि टनकपुर आदि स्थानों को जाने के लिए टैक्सियां भी नहीं थीं। इससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यात्री करन सिंह, सावित्री देवी, आशा देवी, जानकी देवी, भूदर सिंह आदि ने बताया कि वह सुबह से बस स्टेशन में खड़े थे लेकिन उन्हें मैदानी क्षेत्रों के लिए जाने के लिए न तो बस और न ही टैक्सी मिल पाई। लोगों ने रोडवेज से बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की है।
इधर रोडवेज की एसएसआई दीपा वर्मा ने बताया कि रविवार को मैदानी क्षेत्रों के लिए नौ बस संचालित की गईं। इसमें तीन दिल्ली, दो देहरादून, हल्द्वानी, बरेली, गुरुग्राम, ऋषिकेश के लिए एक एक बस संचालित की।