लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड लोहाघाट के सुई पऊ गांव के छमनियां तोक में मोडैक्स हैंडपंप में फिल्टर लगाने के बाद नल से पानी आना बंद हो गया है। ग्रामीणों ने जल संस्थान की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए हैंडपंप को ठीक करने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों ने बताया कि जल संस्थान ने करीब दो माह पूर्व हैंडपंप में फिल्टर लगाया था। बताया कि हैंडपंप बार-बार भर जाता है लेकिन पीने योग्य पानी नहीं निकलता। कई बार जल संस्थान को शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीण बसंती देवी ने बताया कि हैंडपंप से पानी नहीं आने के कारण हमें दूर प्राकृतिक जलस्रोत से पानी लाना पड़ रहा है। केदार दत्त, सतीश चंद्र, विवेक कुमार, कमल चतुर्वेदी, उर्मिला देवी, लक्ष्मी चतुर्वेदी, कंचन और सोनी ने जलसंस्थान से शीघ्र हैंडपंप में लगे फिल्टर को ठीक करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आगे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। जल संस्थान के सहायक अभियंता पवन बिष्ट ने बताया देहरादून से टीम आएगी। दो-तीन दिन में हैंडपंप ठीक कर लिया जाएगा।