पूर्णागिरि धाम की दुकानों में खाद्य सामग्रियों की जांच करती नायब तहसीलदार पिंकी आर्या।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम में एक्सपायरी डेट का बोतल बंद पानी और खाद्य सामग्री बेचकर श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ के मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। डीएम और मेला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने दुकानों में छापा मार कर बेची जा रही खाद्य सामग्रियों की जांच की। टीम को सात दुकानों में एक्सपायरी डेट का बोतल बंद पानी और खाद्य सामग्री मिली, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया।
पूर्णागिरि मेले में रोज हजारों श्रद्धालु आ रहे हैं, लेकिन धाम के कुछ दुकानदार एक्सपायरी डेट का बोतल बंद पानी और खाद्य सामग्री बेचकर श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। प्रशासन इससे बेखबर था। अमर उजाला ने रविवार के अंक में इस खबर को प्रमुखता से छापा तो प्रशासन की नींद टूटी। डीएम विनीत तोमर के निर्देश पर मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम हिमांशु कफल्टिया ने टीम भेजकर दुकानों पर चेकिंग कराई। नायब तहसीलदार पिंकी आर्या के नेतृत्व में गई टीम ने भैरव मंदिर से काली मंदिर तक कि दुकानों में चेकिंग कराई। नायब तहसीलदार पिंकी ने बताया कि चेकिंग में सात दुकानों में एक्सपायरी डेट का बोतल बंद पानी और खाद्य सामग्री मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। ऐसे सात दुकानदारों के चालान भी किए गए हैं। टीम ने कोरोना से बचाव के नियमों का उल्लंघन करते मिले श्रद्धालुओं को मास्क बांट कर बचाव के नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। टीम में राजस्व निरीक्षण गोविंद गिरी, राजस्व उपनिरीक्षक पवन जुकरिया आदि थे।