अपर जिलाधिकारी टीएस मर्तोलिया।
- फोटो : CHAMPAWAT
पिछले साल अप्रैल में हुए लोकसभा चुनाव में स्वीप कार्यक्रम के तहत जिले में अभिनव प्रयोग कर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए एडीएम को सम्मानित किया गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम टीएस मर्तोलिया के प्रयास से 2019 के लोकसभा चुनाव में चंपावत में 56.69 प्रतिशत वोट पड़े, जो 2014 के 55.17 प्रतिशत मतदान से डेढ़ फीसदी अधिक थे। उत्तराखंड चुनाव आयोग ने बीते दिनों उन्हें देहरादून आमंत्रित किया था, लेकिन दून नहीं पहुंचने पर मर्तोलिया का यह प्रशस्ति पत्र चंपावत भेजा गया। इनके अलावा तत्कालीन डीएम रणवीर सिंह चौहान और स्वीप प्रभारी जीवन कलोनी को भी सम्मान से नवाजा गया।
एडीएम मर्तोलिया ने लोकसभा चुनाव में अभिनव एवं नवाचारी कार्यक्रम के तहत नामी चित्रकारों से मुख्य स्थानों पर भित्ति चित्रण कराने, यूथ वोटर फेस्टिवल के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कराने, नए मतदाताओं के साथ परिचय, महिला मतदाताओं का सम्मान, मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए 40 हजार बच्चों के जरिए मतदाताओं को पत्र भेजने, नुक्कड़ नाटक, युवाओं एवं छात्रों के मध्य विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे रंगोली, निबंध, लेखन, रैलियों, पोस्टर और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं से जागरूक किया गया।