धौन के समीप पत्थर गिरने से क्षतिग्रस्त हुई एडीएम हेमंत वर्मा की निजी कार।
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत से स्थानांतरित अपर जिलाधिकारी हेमंत कुमार वर्मा रविवार को बाल-बाल बच गए। चंपावत से अपने नए तैनाती स्थल उत्तरकाशी जाते समय टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर चंपावत से 18 किमी दूर धौन-स्वांला के बीच उनकी कार (यूके 04/1077) पर पहाड़ी से एक भारी-भरकम पत्थर आ गिरा।
इससे उनकी कार कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई। अलबत्ता बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया। चालक गणेश चौबे की सूझबूझ से कार असंतुलित होने के बावजूद लुढ़कने से बच गई। जानकारी मिलते ही चंपावत कोतवाली से कोतवाल सलाउद्दीन खान दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में एडीएम वर्मा दूसरी कार से उत्तरकाशी के लिए रवाना हुए। बताते चलें कि करीब दस साल पूर्व टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में सूखीढांग के पास अमरूबैंड में रोडवेज की एक बस में बोल्डर गिरने से 19 यात्रियों की मौत हो गई थी।
20 मीटर खाई में गिरा डंपर
पाटी (चंपावत)। देवीधुरा के मां बाराही मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों के लिए हल्द्वानी से रेत लेकर आया डंपर (यूए 04डी/5969) रविवार को दिन में 12 बजे सड़क धंसने से करीब 20 मीटर गहरी खाई में गिर गया। डंपर के खाई में गिरने से पहले चालक मोहन सिंह संभल और मुंशी नवीन पांडेय दोनों वाहन से कूद गए। मंदिर परिक्रमा मार्ग में शक्ति गुफा के नीचे की तरफ जाते समय वाहन चालक को सड़क धंसने का आभास हुआ। चालक ने वाहन रोककर वजन कम करने के लिए डाला खोलकर रेत गिराने की कोशिश की। इसी दौरान रेत सहित डंपर खाई में जा गिरा।