नेपाल सीमा पर नोमेंस लैड पर हुए अतिक्रमण को हटाने को लेकर चर्चा करते एसएसबी के अधिकारी। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। भारत नेपाल सीमा पर थपलियालखेड़ा और गड़ीगोठ में दोनों ओर नोमैंस लैंड पर अतिक्रमण को हटाने की तैयारी शुरू हो गई है। पहले चरण में थपलियाखेड़ा में अतिक्रमण चिह्नित कर लिया गया है। एसडीएम आकाश जोशी ने बताया कि थपलियाखेड़ा स्थित नोमैंस लैंड से शुक्रवार (30 मई) को अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके लिए एसएसबी का सहयोग भी लिया जाएगा। गड़ीगोठ में अतिक्रमण का चिह्नीकरण होना अभी बाकी है।
भारत-नेपाल सीमा पर दोनों ओर से नोमैंस लैंड पर लगातार अतिक्रमण हो रहा है। मंगलवार को राजस्व, एसएसबी, वन विभाग की टीम ने थपलियालखेड़ा के अतिक्रमण को चिह्नित किया था। बुधवार को एसडीएम कार्यालय में एसएसबी के अधिकारियों ने एसडीएम के साथ अतिक्रमण हटाने के मामले में चर्चा की। एसएसबी के अधिकारियों ने कहा कि थपलियालखेड़ा में पिलर संख्या 808-8 और 809 के बीच नोमैंस लैंड पर भारत की ओर और थोड़ा नेपाल की ओर अतिक्रमण हुआ है।
उन्होंने बताया कि गड़ीगोठ में नोमेंस लैंड पर नेपाल की ओर से पिलर संख्या 802 और 803 के बीच अतिक्रमण किया गया है, जिसका चिह्नीकरण किया जा रहा है। पहले चरण में थपलियाखेड़ा में हुए अतिक्रमण को हटाया जाएगा। प्रशासन के साथ चर्चा में एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट दीपक सिंह जायरा, असिस्टेंट कमांडेंट एनएम मीणा, असिस्टेंट कमांडेंट जे. सेनापति आदि शामिल रहे।