लोहाघाट (चंपावत)। ऊर्जा निगम की ओर से विद्युत बिलों की वसूली और बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान जहां लंबे समय से बिजली बिल जमा न करने वाले नौ लोगों के विद्युत कनेक्शन काटे गए। वहीं विद्युत चोरी करने पर एक व्यक्ति पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
एसडीओ विकास भारती के नेतृत्व में ऊर्जा निगम की टीम ने बकाया बिलों की वसूली और विद्युत चोरी के खिलाफ पाटी ब्लॉक के मूलाकोट में अभियान चलाया। एसडीओ भारती ने बताया कि मूलाकोट के प्रकाश सिंह ने मीटर को बाईपास कर विद्युत चोरी की गई थी। विद्युत चोरी पकड़ में आने पर प्रकाश पर जहां 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है, वहीं पाटी थाने में उसके खिलाफ विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं 10 हजार से अधिक रुपये के बिलों का भुगतान न करने वाले नौ लोगों के विद्युत कनेक्शन काट दिए हैं। एसडीओ ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। विद्युत टीम में एसडीओ के अलावा जेई बसंत गहतोड़ी, कुंदन सिंह बोहरा, हरीश सिंह बोहरा आदि शामिल रहे।