चंपावत। पुलिस ने युवतियों की फर्जी फेसबुक आईडी बना कर शोषण के आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि जिले के रीठासाहिब थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें अज्ञात आरोपी पर दोस्ती न करने पर फर्जी फेसबुक आईडी बना कर आपत्तिजनक पोस्ट वायरल करने संबंधी धमकी देने का आरोप लगाया था। इस पर रीठासाहिब थाने में आईपीसी की धारा 504, 506, 509 और आईटी अधिनियम की धारा 66 के तहत मामला दर्ज हुआ था।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस साइबर सेल ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर महिलाओं को ब्लैकमेल के आरोपी की पहचान के लिए फेसबुक से पत्राचार किया तो आरोपी की पहचान थाना पाटी, जिला चंपावत के ग्राम बसौटा निवासी दीपक सिंह बोहरा (25) के रूप में हुई। वह अभी हरियाणा के एक होटल में नौकरी कर रहा था। आरोपी की पहचान उजागर होने पर पुलिस ने उसे हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार, साइबर सैल प्रभारी हरपाल सिंह, बाजार चौकी प्रभारी सोनू सिंह, कांस्टेबल अब्दुल मलिक, दीपक नेगी, सर्विलांस सेल के भुवन पांडेय आदि रहे।
संबंध बनाने के लिए करता था ब्लैक मेल
चंपावत। आरोपी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर आसपास के क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता था। रिक्वेस्ट स्वीकार होने के बाद आरोपी फेसबुक और व्हाट्सएप के माध्यम से उनकी फोटो को डाउनलोड कर लेता था। बाद में फोटो को एडिट कर सोशल मीडिया मे गलत तरीके से वायलर करने की धमकी देकर महिलाओं और युवतियों को शारीरिक संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल करता था। पुलिस जांच में आरोपी की ओर से 30 से अधिक महिलाओं को ब्लैकमेल किया गया।
अपराधियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश
चंपावत। एसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि जिले में साइबर क्राइम, सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों के माध्यम से किए जाने वाले अपराधों की रोकथाम और इस प्रकार के अपराधियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जा रहा है। ऐसे अपराधियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने के लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों और साइबर सेल प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं। वहीं साइबर विशेषज्ञ किशोर कुमार के अनुसार सोशल मीडिया का प्रयोग बेहद सावधानी से करना जरूरी है।