दो माह पहले बनबसा की मोबाइल शाप में चोरी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने खटीमा से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से दुकान से चोरी किया लैपटॉप भी बरामद हुआ है।
पुलिस को सूचना मिली की दो माह पहले बनबसा में एक दुकान से हुई चोरी में शामिल एक चोर खटीमा में देखा गया है। सूचना पर थानाध्यक्ष विनोद यादव, एसआई कीर्ति भट्ट, कांस्टेबल संजय कुमार खटीमा पहुंचे। उन्होंने झनकइया रोड हनुमान मंदिर के पास पैदल चल रहे चोर को दबोच लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि उसके कब्जे से चोरी का एक लैपटॉप मिला है। उक्त चोर यूपी के पूरनपुर जिला पीलीभीत का रहने वाला शाहिद है। वो पूरनपुर से लैपटॉप खटीमा में बेचने के लिए ला रहा था। सीओ राजन सिंह रौतेला ने बताया कि बनबसा और टनकपुर में मोबाइल चोरी में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
टनकपुर और बनबसा पुलिस उससे कड़ी पूछताछ करेगी। मामले की जांच कर रहे एसएसआई हरीश बहादुर सेन ने बताया कि उक्त आरोपी पर आईपीसी की धारा 457/380/411 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। बता दें कि 26 जून 2012 को यहां पेट्रोल पंप के पास इंदिरा बिष्ट मार्केट में गैलरी बाजार एंड एसेसरीज प्रतिष्ठान में मोबाइल, लैपटॉप आदि की चोरी हुई थी।