एसएसबी ने लगातार तीसरे दिन भी चरस पकड़ी है। बुधवार को एसएसबी ने बाइक में सवार होकर नेपाल से भारत आ रहे एक नेपाली युवक को हिरासत में लिया, उसके पास से 520 ग्राम चरस मिली। एसएसबी ने चरस तस्कर और बाइक चालक को हिरासत में ले लिया है। उनसे सघन पूछताछ की जा रही है। तीन दिनों में एसएसबी ने 13.620 किलो चरस पकड़ी है।
एसएसबी 57वीं वाहिनी एफ कंपनी के जवान असिस्टेंट कमांडेंट गौतम सागर के निर्देश पर अपनी चेकपोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान पर थे। इसी बीच नेपाल से आ रही एक बाइक (म 2 प 304) को रोका गया। तलाशी लेने पर बाइक में पीछे बैठे युवक के बैग में एसएसबी को 520 ग्राम चरस मिली।
एसएसबी के एसी ने बताया कि चरस तस्कर नेपाल के नयागांव धनगढ़ीतोला वार्ड संख्या 4 कंचनपुर निवासी संतोष भट्ट और उसको नेपाल से बनबसा तक लाने वाला बाइक चालक सुंदरपुर वार्ड संख्या 5 कंचनुपर निवासी भूपेंद्र धामी है। इन दोनों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। बताया गया कि नेपाल से चरस भारत में बेचने को ले जाई जा रही थी।
बता दें कि इन दिनों नेपाल से चरस की खेप हिमाचल प्रदेश और हरिद्वार को पहुंचाई जाने की सूचना है। एसएसबी 57वीं वाहिनी के कमांडेंट केसी राना के निर्देश पर एसएसबी सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण में जुटी है। खुफिया सूत्रों के अनुसार दूरदराज नेपाल से कंचनपुर जिले में डेढ़ क्विंटल चरस आने की सूचना है। इस चरस को बनबसा के रास्ते विभिन्न भारतीय शहरों में पहुंचाया जाना है।
नेपाली महिला तस्करों को भेजा जेल
मंगलवार को एसएसबी ने दो नेपाली महिलाओं के पास से साढ़े आठ किलो चरस बरामद की थी। एसएसबी की तहरीर पर पुलिस ने दोनों महिला तस्करों को एनडीपीएस की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। मंगलवार को नेपाल से पैदल बनबसा को आ रही कपिलवस्मु नेपाल निवासी आशा पुन और रूपनदेई नेपाल निवासी मान कुमारी मल के पास से साढ़े आठ किलो चरस बरामद की थी। दोनों महिलाओं ने अपनी-अपनी कमर में 4.250 किलो चरस बांध रखी थी। थानाध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि चरस से साथ पकड़ी गई दोनों महिलाओं को जेल भेज दिया गया है।