फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Champawat News: मरोड़ाखान के पास हादसा, बस के पहिये के नीचे दबकर चालक की मौत

Wed, 03 Jun 2026 10:34 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चम्पावत
विज्ञापन
लोहाघाट में मृतक चालक के शव को एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए ले जाती पुलिस। संवाद
विज्ञापन
वाहन में सवार 34 यात्री बाल-बाल बचे, ब्रेक फेल होना बताया जा रहा दुर्घटना का कारण
विज्ञापन

परिजनों ने खटारा बस संचालन का लगाया आरोप, जांच कराने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
लोहाघाट (चंपावत)। पिथौरागढ़-लोहाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह मरोड़ाखान के पास रोडवेज की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बस में सवार 34 यात्री सुरक्षित बच गए। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बस के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, टनकपुर डिपो की रोडवेज बस (यूके 07 पीए 3122) बुधवार सुबह 3:30 बजे धारचूला से 34 यात्रियों को लेकर टनकपुर के लिए रवाना हुई थी। सुबह 9:40 बजे मरोड़ाखान स्थित राइकोट महर कालेसन शिव मंदिर के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से टकरा गई। दुर्घटना में बडोली स्वाला निवासी चालक बेनीराम थ्वाल (49) पुत्र स्व. महादेव थ्वाल छिटककर बस के अगले पहिये के नीचे दब गए जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। जेसीबी मशीन की मदद से बस को हटाकर चालक को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिचालक किशन बहादुर ने बताया कि बस में लोहाघाट, चंपावत और टनकपुर के यात्री सवार थे। दुर्घटना में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है।
इधर, थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। रोडवेज के एजीएम धीरज वर्मा और पिथौरागढ़ के एजीएम रवि शेखर कापड़ी ने बताया कि बस दुर्घटना का कारण प्रथम दृष्टया ब्रेक फेल होना प्रतीत हो रहा है। जांच के बाद दुर्घटना के असल कारणों का पता चल पाएगा। इस दौरान तहसीलदार मुहीउद्दीन, राजस्व उपनिरीक्षक ऋषभ कुमार, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, सतीश पांडेय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख योगेश मेहता, जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी, प्रकाश चंद्रा आदि थे।
कोट

हादसे का स्पष्ट कारण अभी पता नहीं चल पाया है। बस में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं थी। लोहाघाट डिपो और पिथौरागढ़ डिपो के अधिकारियों ने घटना स्थल पर जाकर बस की जांच की है। यात्रियों से भी पूछताछ की गई। दोबारा बस की जांच की जाएगी। - आलोक बरनवाल, आरएम, टनकपुर

परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद मोर्चरी पहुंचे मृतक के परिजनों ने रोडवेज विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजन गणेश थुवाल, दिनेश थुवाल, पवन, धर्मानंद, हेम चंद्र, हीरा बल्लभ भट्ट, लक्ष्मी सक्टा, खीमानंद और ललित भट्ट ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त बस का परमिट वर्ष 2025 में खत्म हो गया था, जो ऑनलाइन प्रदर्शित हो रहा है। इसके बावजूद भी बस का संचालन किया जा रहा था। उन्होंने रोडवेज विभाग की लापरवाही और खटारा बसों का संचालन करने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की। एसडीएम नीतू डांगर ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को मामले की जांच कराने और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। बाद में परिजनों ने शव लेकर जा रहे वाहन को रोडवेज डिपो परिसर में खड़ा कर दिया। वहां भी उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। एसडीएम के पेशकार ललित खोलिया ने बताया कि मुआवजे के पेपर तैयार किए जा रहे हैं। शीघ्र ही मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा।
विज्ञापन


दस साल से रोडवेज में थे तैनात
मृतक चालक बेनीराम थ्वाल पिछले करीब दस वर्षों से रोडवेज में संविदा चालक के रूप में कार्यरत थे। वह पांच भाइयों में तीसरे नंबर के थे। मृतक के दो बेटे और एक बेटी है। बड़ा बेटा हरीश आर्मी में हैं छोटा बेटा बबलू,(भावेश) सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा है। बेटी की शादी हो गई है। उनकी मौत की खबर से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें