एबीसी आल्मामैटर स्कूल बना चैंपियन
- फोटो : अमर उजाला
स्कूली स्तर की अंडर-10 फुटबॉल प्रतियोगिता के खिताब पर एबीसी आल्मा मैटर स्कूल की टीम ने कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबले में उसने यूनिवर्सल की टीम को तीन गोल से मात दी। विजेता और उप विजेता टीम को मुख्य अतिथि सभासद नरेश जोशी और विशिष्ट अतिथि धीरज जोशी ने पुरस्कार दिए। उधर, अंडर-14 प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में आनंद बाल विद्या मंदिर ने सनसाइन को टाइब्रेकर में हराया।
गोरलचौड़ मैदान में खेला गए फाइनल मुकाबले का पहला हाफ बेहद कांटे रहा। दोनों ही टीम के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इंटरवल से कुछ देर पहले आल्मा मैटर स्कूल के यश भंडारी ने शानदार फील्ड गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ के शुरुआत से ही आल्मामैटर की टीम ने दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसी टीम के आशुतोष ने लगातार दो गोल कर टीम को जश्र मनाने का मौका दे दिया।
इससे पूर्व अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच आनंद बाल विद्या मंदिर और सनसाइन के बीच खेला गया। दोनों ही टीम के खिलाडिय़ों ने गोल करने के तमाम प्रयास किए, लेकिन गोल करने में नाकाम रहे। निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। टाइब्रेकर में आनंद बाल विद्या मंदिर के विशाल और अमन ने गोल किए, जबकि सनसाइन की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। निर्णायक अतुल अधिकारी, नितिन तड़ागी, योगेश नाथ और रितिक तड़ागी थे।