लोहाघाट (चंपावत)। गुमदेश क्षेत्र के प्रसिद्ध चमदेवल के चौखाम बाबा चमू देवता मंदिर में तीन दिवसीय चैतोला मुख्य मेला शुरू हो गया है। मेले का शुभारंभ ढोल नगाड़ों के साथ हुआ। चमू देवता मंदिर में भास्कर पांडेय, अनुराग पांडेय ने धार्मिक अनुष्ठान और पूजा अर्चना संपन्न कराई। पुरोहित शंकर दत्त पांडेय, मेला समिति अध्यक्ष खुशाल सिंह धौनी ने बताया मेले के पहले दिन आधा दर्जन गांवों से चमू देवता का जयकारा लगाते हुए पहुंचे जत्थों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। चमू देवता के धामी राहुल सिंह, लाटेश्वर लाटा जोगा सिंह, भरगड़ा के तारा सिंह, रुद्र देवता के देव डांगर लक्ष्मण सिंह पुजारी ने अवतरित होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। शुक्रवार को दोपहर में त्यूरी बरगोली, मड़, धौनी शिलिंग, जिंडी, बसकुनी, न्योलटुकरा, जाख, सिरकोट, चौपता गांवों से जत्थे पहुंचे। परंपरा के अनुसार जत्थों ने चमू मंदिर की परिक्रमा की।
देर शाम पूजा अर्चना के बाद चमू देवता के खाली डोले को मड़ गांव ले जाया गया। मड़ गांव में रात्रि जागरण भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। शनिवार को मड़ से रथ में सवार होकर धामी रस्सों के सहारे चमू मंदिर लाया जाएगा। ब्लॉक प्रमुख महेंद्र सिंह ढेक, भाजपा नेता सतीश पांडेय ने चमू देवता मंदिर में पूजा अर्चना कर खुशहाली की कामना की। वहां राजू धौनी, महेंद्र प्रताप, रामू धौनी, मान सिंह, मदन कलौनी, खीमराज धौनी, युगल धौनी, कृष्ण सिंह धौनी, विशाल धौनी, नरसिंह धौनी, हीरा सिंह मौजूद रहे।
विदेश से भी मेला देखने पहुंचे लोग
पुरोहित शंकर दत्त पांडे ने बताया चौपता गांव निवासी लंदन से कल्याण सिंह धौनी, मड़गांव के कमल सिंह, ओमान से गणेश पुजारी, डकला गांव निवासी हाल निवासी दिल्ली कर्नल मदन नाथ गोस्वामी चैतोला मेले में दर्शन के लिए सपरिवार पहुंचे हुए हैं।