बनबसा में मेडिकल स्टोर में छापे के दौरान दवाओं की जांच करती टीम। स्रोत : टीम
बनबसा (चंपावत)। टनकपुर एसडीएम आकाश जोशी के नेतृत्व में बनबसा स्थित मेडिकल स्टोरों में औषधि नियंत्रण विभाग टीम ने छापा मारा। स्टोर में अनियमितता पाए जाने पर एक मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त किया गया। तीन मेडिकल स्टोरों पर अनियमितता और दवाओं की मियाद समाप्त (एक्पायरी) मिलने पर लाइसेंस निलंबन के अलावा क्रय-विक्रय पर रोक लगाई गई।
डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर रविवार को औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने बनबसा के आठ मेडिकल स्टोरों में छापा मारा। वीर मेडिकल स्टोर में स्टोरेज कंडीशन मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने और फार्मासिस्ट का सत्यापन नहीं होने लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की गई। श्री बालाजी, राज मेडिकल और जनता मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट और एक्सपायरी दवाएं अलग नहीं रखने पर लाइसेंस निलंबन करने के साथ ही क्रय-विक्रय पर रोक लगाई गई।
मानस और भार्गव मेडिकल स्टोर को पांच दिनों के अंदर निरक्षित औषधियों के बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। एसके विश्वास मेडिकल स्टोर में फार्मासिस्ट उपलब्ध नहीं होने से दुकान बंद करने की कार्रवाई की गई। अभियान में ऊधमसिंह नगर जिले के वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार, नैनीताल की वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट, चंपावत की औषधि निरीक्षक हर्षिता, नैनीताल की अर्चना, ऊधमसिंह नगर की निधि, पिथौरागढ़ के पंकज पंत के अलावा बनबसा पुलिस दल मौजूद रहा।