खुशाल सिंह अधिकारी, विधायक लोहाघाट
लोहाघाट (चंपावत)। विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के प्रयासों से बाराकोट ब्लाॅक के पाड़ासौंसेरा में रियूनी गाड़ में जल्द झूला पुल बनेगा। शासन ने 1.55 करोड़ रुपये लागत से 38 मीटर लंबे झूला पुल की स्वीकृति प्रदान कर दी है। पुल निर्माण की स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए विधायक का आभार जताया।
विधायक अधिकारी ने बताया कि करीब चार साल पूर्व भारी बारिश में पाड़ासोंसेरा गांव के रियूनी गाड़ में झूला पुल बह गया था। इस कारण पाड़ासौंसेरा, सिमलीधार, डसिया, चौड़ाकोट, पाटी, पटनगांव, कजीना पुनौली, सुराकोट, घड़का, पड़का, सिरतोली, रावलगांव, सिमलटुकरा, इजड़ा आदि कई गांवों के लोगों को आवागमन करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
विधायक ने बताया कि लोगों की दिक्कतों को देखते हुए उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी से झूला पुल निर्माण के लिए वार्ता की जिस पर शासन ने स्वीकृति दे दी है। इधर, लोनिवि के ईई हितेश कांडपाल ने बताया कि झूला पुल के लिए विभागीय सहमति मिल गई है। जल्द ही अन्य प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद पुल निर्माण के लिए टेंडर किया जाएगा।