खुशियों का दिन आया है मां ने बेटा कहके बुलाया है...
- फोटो : अमर उजाला
ब्लॉक स्तरीय क्षमता संवर्द्धन एवं संवेदीकरण कार्यक्रम बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत आदर्श जीजीआईसी लोहाघाट में कार्यक्रम हुआ। इस दौरान मेजबान विद्यालय की छात्राओं ने ‘खुशियों का दिन आया है, मां ने बेटा कहके बुलाया है’, ‘बच्चे मन के सच्चे’, ‘मां मैं स्कूल जाऊंगी’ नाटक के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहन प्रस्तुतियां दी।
खंड शिक्षाधिकारी हरेंद्र साह की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता नवीन मुरारी एवं बीडीओ कुंदन सिंह नयाल ने कहा कि मजबूत इच्छा शक्ति के बल पर बेटियों को हर क्षेत्र में बेटों की बराबरी पर लाया जा सकता है। वरिष्ठ योग प्रशिक्षक गणेश दत्त पांडेय ने बेटी बचाओ कार्यक्रम में 16 संस्कारों के समावेश पर जोर दिया। कार्यक्रम के जिला संयोजक जीवन चंद्र कलौनी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
मेजबान स्कूल की प्रधानाचार्या मीना शुक्ला ने सभी का स्वागत किया। शिक्षक गणेश पुनेठा के संचालन में हुए कार्यक्रम में गोविंद बोहरा, पुष्पा कोठारी, प्रतिभा दीक्षित, नीता लोहनी, दीप्ति तिवारी, गीता चंद, एलएस मेहता, कैलाश मेहता के अलावा स्वास्थ्य, बाल विकास, कई स्कूलों के प्रधानाचार्य, स्वास्थ्य, बाल विकास विकास कर्मी मौजूद थे।