चंपावत। पुलिस अधीक्षक दिलीप सिंह कुंवर की अध्यक्षता में स्थाई पशु वधशाला निरीक्षण समिति की बैठक में मीट की दुकानों में साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिए जाने पर जोर दिया गया। तय किया गया कि 28 अक्तूबर को मीट विक्रेताओं के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें दुकान खोलने आदि के नियमों की जानकारी दी जाएगी। उसके बाद नियम न मानने पर मीट विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त किए जाने की कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मीट की दुकानों में टाइल लगी होनी चाहिए और औजार अच्छे होने चाहिए। साथ ही दुकान में फ्रिज, जाली और शीशा लगा होना भी जरूरी होगा। तय किया जाएगा कि मीट की दुकानें सब्जी की दुकानों के आसपास न खुलें। सभी मीट विक्रेताओं को अवशिष्ट पदार्थ गड्ढे में डालने होंगे। बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी पीएस भंडारी, सीओ पीएस पांगती, एसीएमओ डा. रश्मि पंत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी, नगरपालिका के लक्ष्मण सिंह, पेशकार एसएस गुंसाई, उप निरीक्षक चिरंजीवी जोशी, भुवन उपाध्याय आदि मौजूद रहे।