लोहाघाट (चंपावत)। राज्यसभा सांसद महेंद्र सिंह माहरा ने मध्य सत्र में राजकीय पालीटेक्निक लोहाघाट में अध्ययनरत मूनाकोट पालीटेक्निक के छात्रों को वापस मूनाकोट भेजने पर नाराजगी जताई है। इस संबंध में अभिभावकों के शिष्टमंडल ने उनसे मुलाकात भी की। मूनाकोट मेें सुविधा नहीं होने से पालीटेक्निक का शिक्षण कार्य अब तक लोहाघाट में हो रहा था।
उनका कहना था कि बच्चों की पढ़ाई का माहौल समाप्त कर ऐसे स्थान में भेजा जा रहा है, जहां अध्ययन की ठीक व्यवस्था नहीं है। श्री माहरा ने कहा कि वे इस संबंध में अपनी आपत्ति राज्य सरकार के सम्मुख दर्ज करा चुके हैं। इस अवसर पर लोहाघाट रामलीला कमेटी के लोगों द्वारा भी श्री माहरा का स्वागत करते हुए उन्हें ज्ञापन दिया। बांस बस्वाड़ी क्षेत्र से आए लोगों ने भी श्री माहरा को ज्ञापन दिया। उनका कहना था कि बांस बस्वाड़ी से गर्सलेख तक पांच किमी और घिंघारूकोट से बस्वाड़ी तक तीन किमी लंबी सड़क बनाए जाने से ब्लाक मुख्यालय की दूरी मात्र आठ किमी रह जाएगी। श्री माहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दोनों सडकें स्वीकृत कर दी गई हैं, जिनका शीघ्र शासनादेश जारी कर दिया जाएगा।