लोहाघाट (चंपावत)। विवेकानंद विद्यामंदिर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है, जिसमें लगभग 125 कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। शिविर में कार्यकर्ताओं को संघ कार्य के विस्तार, समाज में सेवा प्रकल्पों के जरिए लोगों की सेवा कर उन्हें संघ से जोड़ने, प्रत्येक गांव में नियमित शाखा लगाने, सामाजिक समरसता को पैदा करने के लिए अनुसूचित जातियों के घरों में सहभोज जैसे कार्यक्रम आयोजित करने आदि कार्यों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जिला प्रचारक भगवती, मुख्य प्रशिक्षक हरीश पंत, जिला कार्यवाह ईश्वरी दत्त जोशी, मुख्य संयोजक गिरीश सोराड़ी, श्रीकृष्ण जोशी ने राष्ट्र व समाज के निर्माण में स्वयं सेवकों की भूमिका के महत्वपूर्ण टिप्स दिए जा रहे हैं। प्रशिक्षकों का कहना था कि कार्यकर्ताओं को नियमित शाखा में भाग लेकर योग प्राणायाम और शारीरिक क्रियाकलापों के जरिए अपने को स्वस्थ रखना है। इस अवसर पर फरवरी 2015 में लोहाघाट में आयोजित होने वाले कार्यकर्ताओं के सबसे बड़े अभ्यास वर्ग की तैयारियों पर भी चर्चा की जा रही है। शिविर में विभाग संघ चालक रूप सिंह बोहरा, कृष्णानंद चौबे, जगदीश चंद्र पांडेय आदि मौजूद हैं।