चंपावत। जिला मुख्यालय में मंगलवार को हुई फूल डोल मेले में बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी। मेले में बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने हिस्सा लिया। इससे पूर्व बालेश्वर मंदिर से झांकियां निकाली गई। झांकियों के नागनाथ महादेव मंदिर पहुंचने पर वहां ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ की धुन के बीच भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जो मल्लीहाट, तल्लीहाट, बालेश्वर, मांजबूंगा, भैरवां, खेतीखान तिराहे होते हुए मुख्य बाजार से ग्यालीसेरान की ओर निकली। नागनाथ मंदिर में महंत कैलाश नाथ, मेला कमेटी अध्यक्ष भगवतशरण राय, जगदीश पचौली, मोहित, मुक्तेश पचौली, तरुण रावल के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु पहुंचे।
इस दौरान मुख्य मोटर स्टेशन में मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में खरीददार उमड़े। प्रभारी निरीक्षक आरएस टोलिया और बाजार चौकी प्रभारी राजेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। मेले के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पांच दशक पूर्व तहसीलदार ने की थी शुरुआत
चंपावत। फूल डोल मेेले की शुरुआत पांच दशक पूर्व तत्कालीन तहसीलदार एमआर पांडेय ने की थी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के तीसरे दिन होने वाले मेले में शोभायात्रा के लिए फूलों का डोला तैयार किया जाता है।