चंपावत। सूखीढांग क्षेत्र में पिछली आठ मार्च से विद्युत आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि बिजली न होने से लोगों के मोबाइल फोन तक चार्ज नहीं हुए हैं, जिससे लोग परेशान हैं। सिलाड़ क्षेत्र में आठ मार्च को ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को होली का त्योहार भी अंधेरे में मनाना पड़ा। इसके अलावा बोर्ड परीक्षार्थियों को भी सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को सूचित किया गया, लेकिन आपूर्ति सुचारू नहीं हुई।
उपेक्षित विकास महासंघ के संयोजक शंकर दत्त जोशी के अनुसार सूखीढांग, बृजनगर, सिलाड़ और आमखर्क में आधा दर्जन आचार उद्योग, होटल रेस्टोरेंट और फोटो स्टेट का कार्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि जब से विभाग की ओर से चल्थी फीडर का कार्य प्राइवेट फ्रेंचाइजी को सौंपने के बाद से ही बिजली की समस्या पैदा हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उप खंड अधिकारी के निर्देश के बाद भी विभागीय कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने आपूर्ति सुचारू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।