चंपावत/टनकपुर। प्रोन्नति सहित 13 सूत्री मांगों को लेकर चिकित्सा-स्वास्थ्य विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया। तृतीय श्रेणी के पदों पर पदोन्नति, स्टाफ नर्सों की भांति पौष्टिक आहार भत्ता देने, प्रति माह 500 रूपए धुलाई भत्ता देने समेत तेरह मांगों को लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मी गत 11 जनवरी से आंदोलन की राह पर हैं। बृहस्पतिवार से उपस्थित दर्ज करा दो घंटे का कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है।
चंपावत में जिलाध्यक्ष जीवन कुमार की अध्यक्षता और खीम सिंह बिष्ट के संचालन में हुए धरना प्रदर्शन में कमल सिंह, खड़क सिंह, एलडी गहतोड़ी, शिवदत्त जोशी, दिनेश चंद्र, माया देवी, बसंती देवी, हरीश चंद्र शामिल रहे। टनकपुर में संगठन के मंत्री दीपक कुमार ने बताया कि 25 जनवरी तक दो घंटे कार्य बहिष्कार होगा, 27 जनवरी को सामूहिक आकस्मिक अवकाश लेकर जिला मुख्यालय में रैली निकाली जाएगी और 28 जनवरी से 1 फरवरी तक तीन घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। कार्य बहिष्कार करने वालों में आयुर्वेदिक अस्पताल के यशवंत सिंह, संयुक्त चिकित्सालय के मेहरबान सिंह नेगी, जीवन कुमार, कर्मवीर, रुकमणी देवी, विजया देवी, नवीन जोशी, गणेश दत्त तिवारी शामिल थे।