टनकपुर। प्रसव में लापरवाही के चलते हुई पूजा की मौत से अस्पताल में शुक्रवार देर शाम तक हंगामा होता रहा। गुस्साए लोग दिनभर अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन पर डटे रहे। पुलिस ने मृतका के ससुर की तहरीर पर आरोपी डाक्टर और नर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इधर प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी की रिपोर्ट पर डीजी हेल्थ ने आरोपी नर्स सुमन विलियम को निलंबित कर दिया है। जबकि महिला चिकित्साधिकारी आशा सिंह के निलंबन की संस्तुति कर रिपोर्ट शासन को भेजने की बात कही है।
छीनीगोठ निवासी सैनिक दीपक चंद्र जोशी की पत्नी पूजा जोशी (21) ने बृहस्पतिवार को एक शिशु को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के करीब चार घंटे बाद अचानक उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना पर गुस्साए लोगों ने देर रात से ही अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया था। शुक्रवार सुबह गुस्साए लोग फिर अस्पताल पहुंचे और भाजपा नेता दीपक पाठक, शिवराज चंद, पूर्व प्रधान उर्मिला चंद के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। लोग आरोपी डाक्टर और नर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। उन्होंने प्रसव कक्ष से शव तक नहीं उठाने दिया। प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डा. केके जोशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में उपचार में लापरवाही सामने आने के बाद डीजी हेल्थ ने आरोपी नर्स सुमन विलियम को निलंबित कर दिया है। आरोपी डाक्टर के खिलाफ निलंबन की संस्तुति कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। देर शाम आरोपियों पर कार्रवाई के बाद ही लोगों का गुस्सा शांत हुआ और लोहाघाट से आए डाक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द किया। इधर कोतवाल नरेश चंद ने बताया कि मृतका के ससुर सुभाष चंद्र जोशी की तहरीर पर आरोपी डॉक्टर आशा सिंह और नर्स सुमन विलियम के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मामले को विधानसभा में उठाएंगे विधायक फर्त्याल
टनकपुर। अस्पताल पहुंचे लोहाघाट के विधायक पूरन फर्त्याल ने कहा कि उपचार में लापरवाही से महिला की मौत दुर्भाग्यूर्ण है। इस मामले को वे विधानसभा में उठाएंगे। विधायक ने मृतका के परिजनों से घटना की जानकारी ली और डीजी हेल्थ से फोन पर बात कर आरोपी डाक्टर और नर्स के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। बाद में उन्होंने अस्पताल में मौजूद प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी केके जोशी, एसडीएम जेएस राठौर, सीओ प्रताप सिंह पांगती से भी मुलाकात की और उन्हें सख्त कार्रवाई को कहा।
अस्पताल में दिनभर रहा तनाव
टनकपुर। शुक्रवार को दिनभर संयुक्त चिकित्सालय में तनाव की स्थिति बनी रही। आक्रोशित लोगों के साथ ही मृतका के परिजन और रिश्तेदार भी धरना-प्रदर्शन पर डटे रहे। प्रदर्शनकारी रूक-रूककर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
आरोपियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई: हेमेश
टनकपुर। दर्जा कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक हेमेश खर्कवाल ने पूजा की मौत पर दुख जताते हुए घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा में करोड़ों का बजट खर्च करने के बाद भी इस तरह की घटना चिंता की बात है। आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि डीजी हेल्थ से सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है। स्थानीय संयुक्त चिकित्सालय की व्यवस्था सुधारने को जल्द जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
जांच में लापरवाही की पुष्टि
टनकपुर। प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डा. केके जोशी ने माना कि उपचार में लापरवाही बरती गई है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। उन्होंने कहा कि डीजी हेल्थ को रिपोर्ट भेज दी गई है। रिपोर्ट के बाद ही डीजी हेल्थ स्तर से कार्रवाई हुई है।
निलंबन के साथ ही नर्स का अल्मोड़ा तबादला
टनकपुर। उपचार में लापरवाही के आरोप में निलंबित नर्स सुमन विलियम को निलंबित करने के साथ डीजी हेल्थ जेएस पांगती ने उसे बेस अस्पताल अल्मोड़ा स्थानांतरित कर दिया है। प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. केके जोशी ने बताया कि इस आशय का आदेश देर शाम निदेशालय से फैक्स के माध्यम से प्राप्त हुआ है। निलंबित नर्स को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया है।