लोहाघाट। नगर में 22 नवंबर से होने वाले शरदोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सीडीओ जेके तिवारी ने विकास विभाग से जुड़े 14 विभागों को यहां के जवाहर पार्क में विकास प्रदर्शनी लगाने का निर्देश दिया है। इस बार प्रदर्शनी का स्टाल विभागों को स्वयं बनाना होगा। शरदोत्सव के उद्घाटन के अवसर पर स्कूली बच्चों की झांकियों के लिए भी तैयारियां शुरू हो गई हैं।
शुक्रवार को नगर क्षेत्र के विद्यालयों के खुलने के साथ झांकियों का पूर्वाभ्यास शुरू हो जाएगा। शरदोत्सव के दौरान गीत एवं नाट्य प्रभाग, संस्कृति विभाग आदि की ओर से यहां रोज रंगारंग कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया जाएगा। राज्य सभा सांसद महेंद्र सिंह माहरा शुक्रवार को यहां आ रहे हैं। शरदोत्सव के उद्घाटन के लिए आयोजकों की ओर से यहां मुख्यमंत्री को लाने का प्रयास किया जा रहा है। दर्जा राज्यमंत्री खुशाल सिंह अधिकारी इस संबंध में मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे। चेयरमैन भूपाल मेहता के अनुसार लगातार मांग की जा रही है कि शरदोत्सव का इस बार आगाज मुख्यमंत्री से कराया जाए।