चंपावत। जिले के पाटी विकासखंड के भिंगराड़ा बाजार से लगे क्वैराली गूंठा को जाने वाले पैदल मार्ग पर बिजली के झूलते हुए तार खतरे का सबब बने हुए हैं जो कभी भी किसी गंभीर हादसे का कारण बन सकते हैं। ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम से बिजली के झूलते तारों को ठीक किए जाने की मांग उठाई है। ग्रामीण दीपक शर्मा, चंद्रशेखर आदि के अनुसार भिंगराड़ा के समीप खरही से भिंगराड़ा को जोड़ने वाली बिजली लाइन के तार रास्ते में झूल रहे हैं।
बिजली के झूलते तारों को देखकर भिंगराड़ा, क्वैराली, गूंठा, रमक आदि गांवों के इस पैदल रास्ते से जाने वाले ग्रामीणों और छोटे स्कूली बच्चों को करंट लगने का भय बना हुआ है। ग्रामीणों की ओर से इस संबंध में ऊर्जा निगम के अधिकारियों को पत्र भेजकर झूलते हुए तारों को जल्द ठीक कराए जाने की मांग उठाई गई है।