टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर बैराज जाने वाले मार्ग किनारे कूड़ा डंपिंग जोन में कूड़े के ढेर में आग लग गई जिससे हड़कंप मच गया। सूचना पर तत्काल दमकल को बुला लिया गया। दमकल कर्मियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
रविवार दोपहर टनकपुर से बैराज जाने वाले मार्ग स्थित कूड़ा डंपिंग जोन में कूड़े के ढेर में आग लग गई। वहां पास में ही नगर पालिका का वाहन पार्किंग स्थल भी है जिससे वाहन स्वामियों में भी भय व्याप्त हो गया।
सूचना पर दमकल ने वहां पहुंचकर आग पर काबू पाया। गौरतलब है कि कूड़ा डंपिंग जोन के निकट ही पूर्णागिरि मेले में आने वाले वाहनों आदि के लिए नगर पालिका ने वाहन पार्किंग स्थल बनाया है।
एसआई योगेश दत्त ने सुरक्षा के तहत वहां पुलिस कर्मी तैनात किए हैं।