टनकपुर (चंपावत)। हाथियों ने शनिवार रात फिर गैंड़ाखाली नंबर तीन और चार में किसानों की फसल रौंद दी। आए दिन हाथियों का उत्पात जंगल से लगे गांवों के किसानों के लिए मुसीबत बन गया है। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से सरकार की ओर से लागू की जा रही वन्यजीवों से खेती की सुरक्षा योजना के तहत सबसे पहले टनकपुर क्षेत्र में सुरक्षात्मक कार्य किए जाने की मांग उठाई है।
पूर्णागिरि मार्ग के जंगल से लगे गांवों में आए दिन हाथी खेतों में घुसकर किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। शनिवार रात भी हाथियों के झुंड ने गैंड़ाखाली नंबर तीन और चार में आनंद प्रकाश, तुलसी देवी, रेवती देवी, रमेश चंद्र भट्ट, की गेहूं की फसल और महेंद्र सिंह की चने की फसल को रौंदकर नष्ट कर दिया। वहीं नंदन सिंह के शौचालय पिट को भी क्षतिग्रस्त किया है।
ग्राम प्रधान कलावती देवी, ब्लॉक प्रमुख पुष्पा सकारी, ब्लॉक में सांसद प्रतिनिधि नरेश सकारी, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद, उचौलीगोठ प्रधान सुरेश सिंह महर, आनंद सिंह महर, बची सिंह महर, पूर्व प्रधान विशन सिंह महर, नायकगोठ प्रधान रेनू देवी आदि ने प्रशासन से वन्यजीवों के आतंक से छुटकारा दिलाने की मांग की है।
उन्होंने कहा है कि सरकार की ओर से लागू की जा रही वन्यजीवों से खेती की सुरक्षा योजना के तहत सबसे पहले क्षेत्र में सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं।