टनकपुर (चंपावत)। नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों द्वारा सफाई व्यवस्था को लेकर कथित तौर पर सभासदों के निर्देशों का पालन न किए जाने से खफा सभासदों ने शुक्रवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर सभासदों के अधिकारों के बारे में लिखित जानकारी देते का आग्रह किया है। सभासदों का आरोप है कि शहर की सफाई व्यवस्था लगातार चरमरा रही है और पर्यावरण मित्र उनके निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं।
तहसील पहुंचे सभासदों ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी प्रकाश चंद्र त्रिपाठी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि इन दिनों शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह चरमराई है। गंदगी के कारण उन्हें वार्ड के लोगों की खरी-खोटी सुननी पड़ रही है।
वहीं गंभीर बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सभासदों को उनके मूल अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। पर्यावरण मित्रों का कहना है कि वे सभासदों के निर्देशों का नहीं बल्कि पालिकाध्यक्ष और ईओ के निर्देशों के तहत कार्य करेंगे। सभासदों ने ज्ञापन में एसडीएम से शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने को उचित कार्रवाई करने के साथ ही सभासदों को उनके मूल अधिकारों की लिखित जानकारी देने का आग्रह किया है। ज्ञापन देने वालों में सभासद हसीब अहमद, कपिल उप्रेती, योगेश पांडेय, तुलसी कुंवर, किशोर हर्बोला, सविता बिष्ट, हुमा, पूजा, रईस अहमद शामिल थे।