चंपावत। जिले के पाटी ब्लॉक में जल्द ही पंपिंग पेयजल योजना अस्तित्व में आने वाली है। इस संबंध में शासन स्तर पर अंतिम निर्णय लिया जा चुका है। कार्यदायी संस्था जल निगम की ओर से कोरा नदी से पंपिंग योजना का निर्माण किया जाएगा।
पाटी ब्लॉक के ग्रामीण लंबे समय से पेयजल समस्या के समाधान के लिए पंपिंग योजना बनने का इंतजार कर रहे हैं। जल निगम ने पाटी पंपिंग योजना के लिए एक साल पहले प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था, लेकिन अब तक शासन स्तर पर स्वीकृति नहीं मिलने से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। शुक्रवार को देहरादून में हुई उच्च स्तरीय बैठक में पंपिंग योजना के निर्माण को सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी गई है।
पंपिंग योजना के निर्माण कार्य के लिए 4.78 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुए है। योजना के तैयार होने के बाद पाटी ब्लॉक के लगभग 4854 लोग लाभान्वित होगे। पंपिंग योजना में लगभग 17 किमी लंबी लाइन और चार टैंकों का निर्माण किया जाएगा। उधर, जल निगम के सहायक अभियंता महेंद्र मनराल का कहना है कि पाटी पंपिंग योजना के लिए 4.78 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया है। देहरादून में हुई बैठक में पाटी पंपिंग योजना को स्वीकृति मिल चुकी है। शासनादेश प्राप्त होते ही योजना का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
तीन ग्राम पंचायतें होंगी पंपिंग योजना से लाभान्वित
चंपावत। पाटी ब्लॉक में बनाने वाली पंपिंग योजना से तीन ग्राम पंचायतें लाभान्वित होंगी। इसमें पाटी, जौलाड़ी और झुलेड़ी ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इन तीन ग्राम पंचायतों के तीस तोक के लगभग पांच हजार लोगों को लाभ मिलेगा।