चंपावत। आधार कार्ड लिंक नहीं होने से जिले के 891 पेंशन धारकों की पेंशन पर मार्च के बाद तलवार लटक जाएगी। 31 मार्च तक आधार लिंक नहीं कराने पर समाज कल्याण विभाग की ओर से दी जाने वृद्धावस्था, विधवा और विकलांग पेंशन योजनाओं का लाभ इन लोगों को नहीं मिल सकेगा।
जिला समाज कल्याण विभाग के प्रशासनिक अधिकारी मोहन गिरि गोस्वामी ने बताया कि जिले में विभिन्न श्रेणी के 18832 पेंशनधारक हैं। इनमें से 17941 (95.27 प्रतिशत) पेंशनधारकों ने विभाग के पास अपना आधार कार्ड जमा कर दिया है। 891 पेंशन धारक अभी विभाग के पास अपना आधार कार्ड जमा नहीं करा पाए हैं। विभाग का कहना है कि 31 मार्च तक इन लोगों के आधार प्रपत्र नहीं जमा हुए, तो इनकी पेंशन बंद कर दी जाएगी। गौरतलब है कि जिले के पर्वतीय हिस्सों में आधार कार्ड बनाने का कोई भी केंद्र नहीं है। जिले का एकमात्र केंद्र मैदानी क्षेत्र बनबसा में है। जिस कारण पहाड़ के बुजुर्ग लोगों को आधार बनाने में खासी दिक्कत हो रही है।
योजना का नाम पेंशनधारक आधार लिंक पेंशनधारक
वृद्धावस्था 5402 5089
दिव्यांग 2080 1969
दिव्यांग (18 साल तक) 260 197
किसान 1318 914
छात्रवृत्ति 9772 9772
कुल योग 18832 17941
25 प्रतिशत बैंक खाते नहीं हैं आधार लिंक
चंपावत। जिले में बैंक खातों के आधार लिंक होने की गति बहुत तेज नहीं है। तमाम प्रयासों के बावजूद अब भी सक्रिय बैंक खातों में करीब 25 प्रतिशत का आधार लिंक नहीं हो सका है। लीड बैंक प्रबंधक आनंद सिंह रावत ने बताया कि जिले के विभिन्न बैंकों की 60 शाखाओं में कुल 372096 खाते हैं। मगर इसमें सक्रिय खाते 314511 ही हैं। इन सक्रिय खातों में से 235952 (75.02 प्रतिशत) फरवरी तक आधार लिंक हुए हैं। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा मंगलवार को दिए आदेश के बाद बैंक खातों को आधार लिंक नहीं कराने वाले बैंक खातेदारों को आधार की संवैधानिकता को ले कर दी गई याचिका पर अंतिम निर्णय होने तक मोहलत रहेगी। इससे पूर्व सरकार ने 31 मार्च तक आधार लिंक करने की समय सीमा तय की थी।