चंपावत। दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को जिला मुख्यालय में मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान बासी मिठाई और मावा नष्ट करवाया गया। इसके अलावा मिठाइयों व अन्य खाद्य पदार्थों के पांच सैंपल भरे गए।
जिला अभिहीत अधिकारी डॉ.आरएस कठायत ने बताया कि शनिवार को चंपावत में चेकिंग अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि चेकिंग के दौरान तकरीबन एक कुंतल बासी मिठाई नष्ट की गई। इसके अलावा 40 किलो बासी मावा भी नष्ट किया गया। 16 मिठाई के कारखानों और दुकानों की सघनता के साथ जांच की गई। उन्होंने बताया कि मिठाई के तीन, दूध और घी का एक एक सैंपल भर जांच के लिए भेजा गया है। नकली मावे की धरपकड़ के लिए टनकपुर से आने वाले वाहनों की चेकिंग की गई। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी, विपिन कुमार और कमल सिंह शामिल थे।