टनकपुर (चंपावत)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान लोहाघाट की ओर से सोमवार से सीआरसी आमबाग में शिक्षक शिक्षा के अंतर्गत शिक्षकों की पांच दिवसीय योग, जड़ी-बूटी और शारीरिक शिक्षा कार्यशाला शुरू हो गई है।
उद्घाटन डायट के प्रवक्ता डॉ. नवीन चंद्र जोशी ने किया। बतौर प्रशिक्षक राजीव आर्य ने शिक्षक-शिक्षिकाओं को योगाभ्यास कराया। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के चिकित्साधिकारी डॉ. एम शाहिद ने आयुर्वेद चिकित्सा के फायदों की जानकारी दी।
रिटायर्ड प्रधानाचार्य कैलास चंद्र लोहनी ने जड़ी-बूटियों के बारे में जानकारी देते हुए स्वास्थ्य पर उनके लाभ के बारे में बताया। कल्याण चंद ने शारीरिक शिक्षा विषय पर प्रतिभागियों को अपने अनुभवों का लाभ दिया। कार्यशाला में दीपक सोराड़ा, सीआरसी समन्वयक देवी दत्त जोशी, उमेश चंद्र भट्ट, प्रमोद जोशी, ईश्वरी भट्ट, नमिता जोशी, भीम गिरी, राकेश रावत आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं प्रतिभाग कर रहे हैं।
डायट प्रवक्ता डा. जोशी ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से बच्चों को योग, शारीरिक और मानसिक विकास के साथ ही अपने परिवेश में मौजूद जड़ी-बूटियों का ज्ञान देना है।