लोहाघाट (चंपावत)। सेवारत प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों के दस दिवसीय प्रशिक्षण का समापन शुक्रवार को हो गया। प्रशिक्षण में जिलेभर के 380 प्राथमिक और 182 माध्यमिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया। लधिया घाटी के संकुल केंद्र चौड़ामेहता में प्रशिक्षण समापन के मौके पर डायट के प्राचार्य केसी साक्य और पर्यवेक्षक कमल गहतोड़ी ने बताया कि इस बार प्रशिक्षण कैप्सूल आधारित रहा। इसमें प्रशिक्षणार्थियों ने पाठ्य योजना तैयार की थी।
इस दौरान हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान आदि विषयों में शिक्षकों को जानकारी दी गई थी। इसके अलावा नवाचारी गतिविधियों में सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, आपदा प्रबंधन आदि की भी जानकारी दी गई। बेहतरीन पाठ्य योजना तैयार करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रस्तुतिकरण पुस्तकों में भी प्रकाशित किए जाएंगे। प्रशिक्षण में 562 शिक्षकों ने हिस्सा लिया। शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए लोहाघाट में तीन, पाटी और चंपावत में दो-दो और टनकपुर, बाराकोट में एक-एक केंद्र बनाए गए थे।