मतदाता दिवस पर शुक्रवार को जिलेभर में मतदाताओं को शपथ दिलाई गई। चंपावत में जिला निर्वाचन अधिकारी रणवीर सिंह चौहान ने लोगों से कहा कि मतदान लोकतंत्र का मूलमंत्र है इसलिए लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए शत प्रतिशत मतदान के लिए सभी लोग आगे आएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर स्वीप कार्यक्रम के तहत माउंटेन बाइकिंग फॉर फन राइडिंग साइकिल रेस को छतार पुल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साइकिल रैली में आईटीबीपी, एसएसबी, सिविल पुलिस, स्थानीय युवा, रियल एडवेंचर टीम ने प्रतिभाग किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला सभागार में लोक सांस्कृतिक कला दर्पण लोहाघाट के कलाकारों ने नुक्कड नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में एडीएम त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, परियोजना निदेशक एचजी भट्ट, सीईओ आरसी पुरोहित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरपी खंडूरी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट आदि लोग मौजूद रहे।
टनकपुर में एसडीएम अनिल गर्ब्याल ने अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों को मतदाताओं की शपथ दिलाई गई। युवा मतदाताओं को सम्मानित भी किया गया। साथ ही उन्हें पहचान पत्र भेंट किया गया। इस मौके पर तहसीलदार पूनम पंत सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। जीआईसी टनकपुर में प्रभारी प्रधानाचार्य शेर सिंह राजपूत की अध्यक्षता और शिक्षक जेपी सिंह, उमाशंकर गंगवार के संचालन हुए कार्यक्रम में मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। निबंध और पोस्टर प्रतियोगिता भी हुई।
इस मौके पर टीसी तिवारी, विद्याकांत शुक्ल, प्रेम शंकर लाल श्रीवास्तव, रमाकांत उपाध्याय, विजय कुमार श्रीवास्तव, सलीम अहमद, गुणानंद पंत, ऋचा सुतेड़ी, बसंत राम, कैलाश चंद्र लोहिया, जयंती देवी, रेनू चंद आदि मौजूद थे।
लोहाघाट में 100 साल पूरे कर चुके मतदाताओं को सम्मानित किया गया। एसडीएम आरसी गौतम और तहसीलदार नीलू चावला ने नए मतदाता सौरभ गिरि, सुजल जुकरिया, सुयेश राय, गौरव जोशी, निहारिका जोशी, सचिन उप्रेती, समर्थ बिष्ट को सम्मानित किया। तहसीलदार ने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, हटाने और नाम संशोधन की प्रक्रिया की जानकारी दी।
इस दौरान 100 वर्ष की आयु पूरी कर चुकीं पाटन पाटनी के चांदमारी तोक की पार्वती आमा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर बीएलओ भागीरथी राय, अनीता जोशी, तनिता, कानूनगो जगदीश गिरि, ललित मोहन खोलिया मौजूद थे।
इधर केंद्रीय विद्यालय में प्राचार्य बीडी ओली के दिशा-निर्देशन पर पीएलवी रेनू गड़कोटी और बीएलओ पुष्पा पाटनी ने, आईटीबीपी में द्वितीय कमान अधिकारी बृजमोहन सिंह ने, गड्यूड़ा नवीन प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक शंकर सिंह अधिकारी ने, लोहाघाट में थानेदार मनीष खत्री, किमतोली कोतवाली में तड़ीगांव में बीएलओ नंदा तिवारी ने, पीजी कॉलेज में प्रभारी प्राचार्य जगदीश जोशी ने शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प दिलाया।
ये शपथ ली गई
हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखेंगे और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म-वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
शतायु महिला मतदाताओं को किया सम्मानित
बनबसा (चंपावत)। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिला प्रशासन की ओर से सौ वर्ष से अधिक आयु की तीन वयोवृद्ध महिला मतदातों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। बनबसा देशीफार्म निवासी जुमना देवी (103) पत्नी स्व. फत्तू लाल, गढ़ीगोठ निवासी ललिता देवी (102) पत्नी स्व. तेज सिंह और भागीरथी देवी (100) पत्नी स्व. धर्मानंद को प्रशासन की ओर से शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) दिनेश चंद्र पांडेय, विधायक प्रतिनिधि महेश मुरारी के अलावा उक्त वयोवृद्ध महिलाओं के परिजन और ग्रामीण मौजूद थे।
जवानों को शपथ दिलाई
बनबसा (चंपावत)। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर केवी-दो में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य रंजना बरफाल ने मजबूत लोकतंत्र के लिए शत प्रतिशत मतदान की अनिवार्यता पर जोर दिया। कक्षा 11 की छात्रा प्रज्ञा तिवारी ने मतदान के बारे में बताया। वरिष्ठ शिक्षक वीपी सिंह की निगरानी में हुए कार्यक्रम में आनंद मिश्रा, मोहम्मद मुदस्सिर, श्याम लाल, वीके पुष्कर आदि ने सहयोग दिया। पुलिस ने थानाध्यक्ष राजेश पांडेय के नेतृत्व में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान करने और निर्वाचन में अपने कर्तव्यों का पालन करने की शपथ ली। उधर एसएसबी 57 वीं वाहिनी ई कंपनी में भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वाहिनी के कमांडर आनंद सिंह भंडारी ने जवानों को शपथ दिलाई। एसएसबी 57 वीं वाहिनी की धनुषपुल स्थित ए कंपनी के जवानों ने भी शपथ ली।