लोहाघाट (चंपावत)। सर्दी के सीजन में भी लोहाघाट नगर में पेयजल के लिए हाहाकार मचा हुआ है। नगर के कई मोहल्लों में चौथे या पांचवें दिन पानी की आपूर्ति होने से लोगों ने नाराजगी जताई है। कुछ उपभोक्ताओं की ओर से पेयजल कनेक्शनों में सीधे टुल्लू पंप लगाने पर जल संस्थान की ओर से कोई कार्यवाही न करने पर लोगों का आक्रोश बढ़ गया है।
उन्होंने पेयजल आपूर्ति को सुचारू करने के साथ टुल्लू पंप लगाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। विवेक ओली, भास्कर जोशी, मोहित जोशी, बबीता, दीपक बगौली, छत्तर सिंह आदि लोगों का कहना है कि सर्दी के सीजन में भी उनके घरों में तीसरे या चौथे दिन पानी आता है। उनके पेयजल कनेक्शन अंत में होने और लोगों की ओर से पेयजल लाइन मेें टुल्लू पंप लगाने से उनके यहां तक बहुत कम पानी पहुंच पा रहा है।
लोगों ने कहा कि जल संस्थान उनसे साल भर का पेयजल बिल वसूलता है लेकिन उन्हें साल के 365 में से करीब 100 दिन भी पानी नहीं मिल पाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे जल संस्थान कार्यालय में तालाबंदी करेंगे। जलसंस्थान के जेई पवन बिष्ट ने कहा कि पेयजल योजना में टुल्लू पंप लगाने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। ब्यूरो