बनबसा (चंपावत)। शारदा बैराज की बिजली दो सप्ताह बाद भी नहीं जुड़ पाई है। बिजली न होने से क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है और बैराज की सुरक्षा भी खतरे में है।
29 दिसंबर को यूपीसीएल ने 6.30 करोड़ रुपये बकाए के नाम पर यूपी सिंचाई विभाग के बनबसा बैराज की बिजली काट दी थी। बैराज के अलावा शारदा हेड वर्क्स कार्यालय, कालोनी परिसर आदि का भी करीब 6.50 करोड़ का भुगतान बकाया का नोटिस दिया गया था। उधर, लोहियाहेड प्रशासन कहना है कि शारदा बैराज को प्रतिमाह दस हजार यूनिट बिजली निशुल्क देने का प्रावधान है।
यूपी सिंचाई विभाग ने भी यूपीसीएल के लोहियाहेड पावर हाउस को दिए जाने वाले पानी का करीब 65 करोड़ का बकाया बताया था। अब इस मामले को बातचीत के जरिए सुलझाने की बात की जा रही है।
शारदा हेडवर्क्स के एसडीओ बृजेश मौर्य के मुताबिक यूपी सिंचाई विभाग के बरेली उपखंड स्थित अधिशासी अभियंता और उनके द्वारा बैराज की सुरक्षा और मेंटेनेंस का हवाला देते हुए यूपीसीएल चंपावत के अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। लिखा गया है कि बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाए।