चंपावत। एकीकृत नर्सिंग ट्रेनिंग सेंटर (आईएनटीसी) के भवन के काम में तेजी लाने के जिलाधिकारी सुरेंद्र नारायण पांडेय ने कार्यदाई संस्था पेयजल निर्माण निगम को निर्देश दिए। रविवार को उन्होंने अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.मनीष जगारिया के साथ निर्माण स्थल का मुआयना किया।
चंपावत के ताराचोड़ पुनेठी में 23.62 करोड़ रुपये से बनने वाले इस सेंटर के लिए फिलहाल महज चार करोड़ रुपये रिलीज हुआ है। डीएम ने धन अवमुक्त करने के लिए शासन को पत्र भेजने के साथ काम की गति बढ़ाने की हिदायत दी। फिलहाल 20 प्रतिशत काम किया जा चुका है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आरपी खंडूरी, जिला अस्पताल के प्रभारी मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ.हर्ष सिंह ऐरी, कार्यदाई संस्था के अधिशासी अभियंता संजीव वर्मा, बिजेंद्र सुयाल आदि मौजूद थे।
मार्च तक पूरा करें जिला अस्पताल आवासीय भवन
जिला अस्पताल के आवासीय भवनों का काम बीते छह साल से लटका है। जिलाधिकारी ने इस लटके काम को फिर से शुरू कराने के सीएमओ को निर्देश दिए।
कहा कि इस काम को हर हाल में 31 मार्च तक पूरा कर लिया जाए। राज्य सेक्टर से धन नहीं मिलने की सूरत में इस काम के लिए किसी अन्य मद से बजट की व्यवस्था करने की बात कही गई।