बनबसा (चंपावत)। कुमाऊं कमिश्नर राजीव रौतेला ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर समय रहते चुनाव नामावलियों का पुनरीक्षण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। चुनाव आयोग ने जनवरी 2018 तक की मतदाता सूची को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं, जिसके बाद उनका प्रकाशन किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग द्वारा तय कुमाऊं के तीन जिलों नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत के रोल आब्जर्वर कुमाऊं कमिश्नर राजीव रौतेला मंगलवार को बनबसा पहुंचे। पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि नई वोटर लिस्ट को पूर्ण शुद्धता से प्रकाशित कराने को भारत निर्वाचन आयोग के सख्त निर्देश हैं।
नई मतदाता सूची में नाम बढ़ाने एवं घटाने का काम पूर्णतया भौतिक सत्यापन द्वारा किया जाना है। स्थानांतरित, मृत और विवाह के बाद अन्यत्र ससुराल गई युवतियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने हैं, जबकि 1 जनवरी 2018 को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवक-युवतियों, विवाह के बाद आई बहू आदि के नाम नई चुनाव नामावलियों में दर्ज करने के निर्देश हैं। इसके अलावा मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने, जागरूक करने की भी योजनाएं हैं, जिन पर कार्य किया जाना है।