बनबसा (चंपावत)। अंतरराष्ट्रीय मैत्री दिवस पर पांच अगस्त को एसएसबी 57वीं वाहिनी अमृतपुर भारत-नेपाल हाफ मैराथन (मैत्री दौड़) का आयोजन करने जा रही है। दौड़ में भारत, नेपाल के पुरुष और महिला धावक प्रतिभाग करेंगे। विजेताओं को एसएसबी की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। बनबसा स्थित एसएसबी चेकपोस्ट से शुरू होने वाली दौड़ नेपाल के रास्ते टनकपुर होते हुए बनबसा चेकपोस्ट पर 21.097 किमी दूरी पूरी कर संपन्न होगी।
एसएसबी 57वीं वाहिनी के डिप्टी कमांडेंट अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दौड़ में प्रतिभाग करने वाले भारत-नेपाल के इच्छुक प्रतिभागी 29 जुलाई तक किसी भी एसएसबी की निकटतम चेकपोस्ट में पंजीकरण करा सकेंगे। पंजीकरण शुल्क दो सौ रुपये रखा गया है। पंजीकरण के लिए न्यूनतम आयु 14 वर्ष रखी गई है। बताया कि प्रथम पुरस्कार 25 हजार, द्वितीय पुरस्कार 15 हजार और तृतीय पुरस्कार 5 हजार रुपये को होगा, जो महिला-पुरुषों को अलग-अलग दिया जाएगा। इसके अलावा दौड़ पूरी करने वाले सबसे कम आयु के युवा और सबसे अधिक आयु के वृद्ध प्रतिभागी को भी पांच हजार की नकद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन की जिम्मेदारी डिप्टी कमांडेंट अनिल कुमार सिंह, संजीव तिवारी, असिस्टेंट कमांडेंट सागर प्रदीप जोशी को सौंपी गई है। दौड़ के दौरान किसी भी तरह की शारीरिक क्षति होने पर एसएसबी की जिम्मेदारी नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि किसी तरह की शंका का समाधान करने या अधिक जानकारी के लिए एसएसबी अमृतपुर का फोन नंबर 05946-24408, डिप्टी कमांडेंट अनिल कुमार सिंह के मोबाइल नंबर 9415413349, डिप्टी कमांडेंट संजीव तिवारी के मोबाइल नंबर 8005488462 और असिस्टेंट कमांडेंट सागर जोशी के मोबाइल नंबर 9415413310 पर संपर्क किया जा सकता है।