चंपावत। संभागीय परिवहन विभाग की ओर से निजी टैक्सी वाहनों में गति नियंत्रण के लिए स्पीड गवर्नर लगाए जाने का विरोध तेज होता जा रहा है। सोमवार को टनकपुर एआरटीओ कार्यालय से स्पीड गवर्नर लगाकर चंपावत पहुंचा टैक्सी वाहन यूके 03 टी 0366 के खराब होने से टैक्सी चालकों का पारा चढ़ गया। उन्होंने कुमाऊं टैक्सी यूनियन महासंघ के बैनर तले मुख्यालय में प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि स्पीड गवर्नर लगाए जाने के तुगलकी आदेश के खिलाफ पांच जून को पूरे कुमाऊं में टैक्सी वाहनों का संचालन बंद रखा जाएगा।
टैक्सी यूनियन महासंघ उपाध्यक्ष ललित मोहन भट्ट की अगुवाई में एकत्र हुए टैक्सी चालकों ने कहा पुराने वाहनों में स्पीड गवर्नर लगाने से वाहन का इंजन गर्म हो रहा है जिससे वह खराब हो जा रहा है। कई वाहनों के इंजन सीज हो गए हैं। वाहनों में स्पीड गवर्नर लगाने के अलग-अलग दाम वसूले जा रहे हैं। विरोध प्रदर्शन में नारायण सिंह गैड़ा, अमरनाथ, खीम सिंह, सुरेश चंद्र, मनोज गड़कोटी, महेंद्र कुमार, दीपक सिंह, राजेश कुमार, नारायण दत्त, रिंकू, राजेंद्र सिंह, भवान सिंह, गिरिश सिंह, त्रिलोचन जोशी, शंकर दत्त, कृपाल दत्त जोशी, विजय खर्कवाल, दीपक जोशी आदि थे।