चंपावत। जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जन सुविधा शिविर में दो समस्याओं का समाधान किया गया। अध्यक्षता करते हुए सीडीओ एसएस बिष्ट ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेने और उन पर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। शिविर में सिंगदा (घाट) के दान सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के दौरान लगभग 50 मीटर ऊपर से भूमि के बैठने के कारण उनके मकान, भूमि को खतरा पैदा हो गया है। सीडीओ ने अधिशासी अभियंता को दो दिन के अंदर स्थल का निरीक्षण कर भवन, भूमि की सुरक्षा की कार्रवाई के निर्देश दिए।
सिंगदा के ही राम सिंह ने बताया कि वर्ष 2013 की आपदा में उनका वाहन घाट से पंचेश्वर को नवनिर्मित सड़क में 200 मीटर आगे फंस गया था। वाहन संचालन नहीं होने से उसका टैक्स भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि वाहन पिथौरागढ़ जिले में पंजीकृत था। सीडीओ ने एसडीएम लोहाघाट, एआरटीओ को एक सप्ताह के अंदर वाहन की सूचना डीएम और संबंधित शिकायतकर्ता को देने के निर्देश दिए। वहां पर सीएमओ डॉ. एमएस बोरा, सीवीओ डॉ. बीएस जंगपांगी, सीएओ सुरेंद्र कुमार, परियोजना प्रबंधक जलागम एसएस कुंवर, खेल अधिकारी आरएस धामी, जीबी जोशी, ग्रामोद्योग अधिकारी एनसी कोठारी, यूसी पाटनी, जीएस बिष्ट, राजेश मौर्या, सेवायोजन अधिकारी आरके पंत, प्रभारी बाल विकास लक्ष्मी पंत, उद्यान अधिकारी एनके आर्या सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।