चंपावत। पाटी विकासखंड की कांडा-मूलाकोट और गड्यूड़ा पेयजल योजना लंबे समय से खराब है। इससे इन योजनाओं से जुड़े गांवों में लोगों को जल संकट से जूझना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शीघ्र पेयजल योजना की मरम्मत की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
लोगों का कहना है कि कांडा-मूलाकोट पेयजल योजना तीन माह और गड्यूड़ा पेयजल योजना छह माह से खराब पड़ी हुई है। इन दोनों योजनाओं के क्षतिग्रस्त होने से 45 परिवार प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों को 200 मीटर से 700 मीटर दूर गधेरों से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है। बताया गया कि ये दोनों योजनाएं सड़क निर्माण के चलते क्षतिग्रस्त हुई है। खुशाल, आनंद सिंह, रमेश आदि ने जल संस्थान को पत्र भेजकर इन्हें शीघ्र सुचारु करने की मांग की है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार का कहना है कि यह दोनों योजनाएं कुछ माह पूर्व सड़क निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई थी। इन्हें ठीक कराने के लिए संबंधित कार्यदायी एजेंसी को पत्र भेजा गया है।